बड़े सरकार दरगाह में कहासुनी के बाद बवाल, मां-बेटे को पीटा,वीडियो वायरल

Newswrap हिन्दुस्तान, बदायूं
share

Badaun News - बदायूं। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक और उसकी मां पर लाठी-डंडों से हमला

बड़े सरकार दरगाह में कहासुनी के बाद बवाल, मां-बेटे को पीटा,वीडियो वायरल

बदायूं। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक और उसकी मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को जमीन पर गिराकर पीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव के बजाय तमाशबीन बने रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना का स्थान

मामला सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बड़े सरकार की दरगाह परिसर का है। यहां किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। मोहल्ला चौधरी सराय के रहने वाले सैफ पुत्र गफ्फार की दरगाह परिसर में दुकान है। वहीं आरोपी अरमान की भी दरगाह में दुकान बताई जाती है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरमान, उसके पिता तथा परिवार की महिलाओं ने सैफ और उसकी मां अंजुम को घेर लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और सैफ के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। बीच-बचाव के लिए पहुंची उसकी मां अंजुम को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने का प्रयास नहीं किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

Voice of UP

घायल और अस्पताल में भर्ती

मारपीट में घायल सैफ और उसकी मां अंजुम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। सैफ का आरोप है कि आरोपी अरमान का कुछ दिन पहले तमंचा लहराते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसके बावजूद वह क्षेत्र में दबंगई दिखाता है और लोगों को धमकाने का प्रयास करता है। सैफ का कहना है कि उसकी आरोपी पक्ष से कोई पुरानी रंजिश नहीं है और मामूली कहासुनी के बाद ही हमला किया गया। फिलहाल मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

घटना कहाँ हुई थी?
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बड़े सरकार की दरगाह परिसर में हुई थी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।