एकादशी मेला में सरसोता पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
Badaun News - सहसवान में ऐतिहासिक तीर्थ स्थल सरसोता पर एकादशी मेले में महिलाओं ने खरीदारी की। कुंड में स्नान के बाद, बच्चे खिलौने खरीदने और चाट-पकौड़ी का आनंद लेने आए। मेले में भीड़ रही, जहां लोग खेल खिलौनों और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी कर रहे थे। पुलिस फोर्स श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहा।

सहसवान, संवाददाता। ऐतिहासिक तीर्थ स्थल सरसोता पर चल रहे एकादशी मेले में शनिवार को ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने खूब खरीदारी की। दूसरे दिन भी कुंड में स्नान कर मंदिरों में पूजा अर्चना करने का सिलसिला जारी रहा। अभिभावकों के साथ मेले में आए बच्चों ने खिलौने आदि सामान खरीदा। साथ ही चाट, पकौड़ी और झूले आदि का आनंद लिया। शनिवार को मेले में लगने वाली दुकानों पर महिला, पुरुषों बच्चों की खासी भीड़ रही। लोगों ने खेल खिलौनों, सौंदर्य प्रसाधनों की जमकर खरीदारी की। ग्रामीण परिवेश की महिलाओं, युवक, युवतियों ने अपने हाथ पर टैटू, नाम आदि गोदवाए। मेला में खजला, जलेबी और बेर की भी बिक्री हुई।
कई स्थानों पर लोगों ने प्याऊ लगाया और लोगों को पानी पिला कर पुण्य लाभ कमाया। बतादें कि ऐतिहासिक तीर्थस्थल सरसोता पर होली से पूर्व एकादशी का मेला लगता है। श्रद्धालु कुंड में स्नान करने के बाद मेले से रंग गुलाल की खरीदारी करते हैं और यहां स्थापित मंदिरों में देवी देवताओं की प्रतिमाओं को रंग लगा कर रंग खेलने की शुरुआत की जाती है। दूसरे दिन ग्रामीण परिवेश की महिलाएं यहां लगे मेले में सौंदर्य प्रसाधनों आदि की खरीदारी करती हैं। इधर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



