राजस्व टीम की लापरवाही से परेशान ग्रामीण फिर पहुंचे डीएम के द्वार
अलापुर क्षेत्र के ग्राम चंदी नगला में स्थानीय दबंगों ने सरकारी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि राजस्व टीम ने विपक्षियों के साथ मिलकर रिपोर्ट दबा दी। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अलापुर क्षेत्र के ग्राम चंदी नगला में दबंगों द्वारा खाद के गड्ढों और आबादी की सरकारी जमीन पर जबरन कब्जा करने के मामले में आदेश के बाद भी कार्रवाई न होने पर ग्रामीण फिर डीएम के यहां पहुंचे। डीएम को बताया, शिकायत के बाद भी राजस्व टीम ने विपक्षी पार्टी से मिलीभगत कर अपनी पैमाइश रिपोर्ट दबा रखी है। डीएम अवनीश राय ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। गांव के टीकाराम, श्रीपाल, महीपाल, राजाराम और रामकुमार आदि ने आरोप लगाते हुये डीएम को बताया, गांव के ही दबंगों ने कानूनगो की शह पर कीमती जमीन पर जबरन दीवार खड़ी कर ली है।
विरोध करने पर पीड़ितों को घर गिराने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।ग्रामीणों ने बताया कि एसडीएम दातागंज से कोई मदद न मिलने पर उन्होंने दोबारा शिकायत की, जिसके बाद कानूनगो नरेंद्र कुमार गुप्ता , लेखपाल गोपाल सक्सेना, रजनीश, राजेश और मोहित कुमार की टीम जांच के लिए भेजी गई थी। आरोप है कि इस टीम ने मौके पर पैमाइश तो की, लेकिन विपक्षी पार्टी से साठगांठ और राजनीतिक दबाव के कारण आज तक अपनी रिपोर्ट जमा नहीं की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तुरंत यह रिपोर्ट मंगवाने और जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


