Badaun News: हजरतपुर में सड़क पर जलभराव में कांग्रेसियों ने रोपा धान
Badaun News: हजरतपुर में सड़क पर जलभराव में कांग्रेसियों ने रोपा धान हजरतपुर में सड़क पर जलभराव में कांग्रेसियों ने रोपा धान

Badaun News: बदायूं, प्रमुख संवाददाता। सड़क पर जलभराव की समस्या हल होती न देख कांग्रेसियों ने उसमें धान की रोपाई करके अपना अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवाज उठाई। हजरतपुर गड़िया रंगीन मार्ग, हजरतपुर से पिपला मार्ग पर कई वर्षों से जलभराव के चलते दर्जनों ग्रामों के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने हजरतपुर में सड़क पर भरे गंदे पानी में धान की रोपाई की। कांग्रेसियों के सड़क में धान रोपने के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही सुबह से ही जेसीबी से नालों की सफाई शुरू करा दी। सड़क पर बड़ी तादाद में मौजूद मिट्टी हटवाई। बीडीओ म्याऊं भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क पीडब्ल्यूडी की है। उनका कोई लेना देना नहीं है। हजरतपुर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह दल बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव से कहा, काम सुबह से ही शुरू गया है, इसलिए धान की रोपाई का कार्यक्रम निरस्त कर दिया जाए।
प्रदर्शन का आयोजन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दोपहर एक बजे कार्यकर्ताओं के साथ हजरतपुर गढ़िया रंगीन मार्ग पर पहुंचे। उन्होंने मार्ग पर भारी कीचड़ और जलभराव देखकर धान रोपने शुरू कर दिए। यहां स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उनका समर्थन किया। कहा, 10 साल से प्रदेश व देश में भाजपा की सरकार है और दातागंज में भाजपा का विधायक है। वर्षों से हजरतपुर में मुख्य मार्गों पर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया।
धान की रोपाई के फायदे
कहा,कांग्रेस के पास विधायक निधि समेत किसी निधि पर अधिकार नहीं है। ऐसे में जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई की है। तीन चार माह में धान की फसल को काटकर प्राप्त धनराशि से मार्ग को बनवाया जायेगा और जलभराव की समस्या का समाधान किया जायेगा। दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबन्धन की सरकार बनने पर दातागंज क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी। मंजेश यादव, अरुण सिंह, सतेंद्र यादव , अरविंद यादव , जयवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत आदि कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे.


