Badaun News: प्रधान पर जानलेवा हमले में पांच नामजद, मुकदमा दर्ज
Badaun News: प्रधान पर जानलेवा हमले में पांच नामजद, मुकदमा दर्ज प्रधान पर जानलेवा हमले में पांच नामजद, मुकदमा दर्ज

Badaun News: ग्राम प्रधान को गोली मारने के मामले में पत्नी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि तमंचों से लैस हमलावरों ने घात लगाकर उन्हें रास्ते में रोक लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हमले में प्रधान के सिर और पेट के पास गोली लगी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान इस्लामुद्दीन 48 वर्ष पुत्र शमशुद्दीन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी सबीना बेगम की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के मुताबिक, 13 अक्टूबर को दोपहर करीब चार बजे इस्लामुद्दीन बगरैन स्थित अपनी दुकान से स्कूटी से गांव उदयपुर लौट रहे थे। गांव पहुंचने से पहले गूलर वाली मजार के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में तमंचे थे और उन्होंने इस्लामुद्दीन को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।सबीना बेगम ने तहरीर में हामिद पुत्र इकरार खां, शमशाद पुत्र गफ्फार खां, राशिद पुत्र भूरे खां, मोहम्मद यासीन पुत्र आसिफ और बब्लू पुत्र आलिम निवासी उदयपुर के नाम दर्ज कराए हैं। पत्नी का आरोप है कि सभी ने उनके पति को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। फायरिंग में इस्लामुद्दीन के सिर के पिछले हिस्से और पेट के दाहिनी तरफ गोली लगी। घटना के बाद घायल ग्राम प्रधान को अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बरेली के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

