मुठभेड़ में दो गोतस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Badaun News - बदायूं में गोवध की वारदात में शामिल दो गोतस्करों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। तस्करों की गोलीबारी में हेड कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने तस्करों से दो तमंचे और गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। तस्करों ने स्वीकार किया कि वे मांस बेचने के लिए गोवंश का वध करते थे।
बदायूं। गोवध की वारदात को अंजाम देने वाले दो गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद दबोच लिए गए। तस्करों की फायरिंग में हेड कांस्टेबल घायल हुआ। घायल गोतस्करों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तस्करों से दो तमंचे, कारतूस और गोवध में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के पिसनहारी गांव के जंगल में बुधवार 19 नवंबर को गोवध की घटना के बाद गोवंशों के अवशेष मिले थे। जिसके बाद विश्व हिंदू परिषद के अलावा अन्य कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताया और तस्करों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

फैजगंज पुलिस लगातार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए इधर-उधर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि अशोकपुर मीरापुर की ओर से कुछ तस्कर गोकशी की घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की तो मौके पर दो तस्कर मिले। जब पुलिस ने उन्हें टोका तो दोनों तस्करों ने फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल मुनाजिर अली घायल हो गए। जबकि थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह और उपनिरीक्षक राजदीप सिंह बाल-बाल बच गए। वहीं पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें रामपुर जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र के पस्तौर गांव का रहने वाला तस्कर मर्दान और रिफाकत के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद दोनों मौके पर ही गिर गए। पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। -- सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे दोनों गोवंश पशुओं का वध करके मांस बेचकर पैसे कमाते हैं। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि पिसनहारी गांव में भी गोवध की घटना इन्हीं दो लोगों ने अंजाम दी थी और शुक्रवार रात को भी यह गोवध की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि मर्दान पर छह और रिफाकत अली पर तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध की घटनाएं भी शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




