Badaun News: पशु चराने गए बरेली के युवक की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत
Badaun News: बदायूं के झिंजरी गांव के 28 वर्षीय युवक राजवीर की गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण डूबने से मौत हो गई। वह पशु चराने जंगल गया था। वापसी के दौरान उसका पैर फिसल गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार में दुख का माहौल है।

Badaun News: बदायूं। पशु चराने गए बरेली जिले के झिंजरी गांव के रहने वाले एक युवक की दातागंज कोतवाली इलाके में गंगा के बढ़ते जलस्तर की वजह से डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।हादसा दातागंज कोतवाली के रुकुमपुर गांव के जंगल में हुआ। यहां बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के झिंजरी गांव के रहने वाले राजवीर उर्फ राजू, 28 वर्ष, शनिवार को जंगल में भैंस चराने के लिए गए थे। वह दातागंज कोतवाली क्षेत्र के रुकुमपुर गांव के जंगल में पहुंच गए।
शाम के समय भैंस लेकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान गंगा के बढ़ते जलस्तर की वजह से हुए जलभराव में उनका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गए। राजवीर के डूबने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उनकी तलाश शुरू की गई तो कई घंटे बाद उनका शव बरामद हो गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने भमोरा थाना पुलिस को सूचना दी। हादसा दातागंज कोतवाली इलाके का होने की वजह से भमोरा थाना पुलिस ने दातागंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी। दातागंज कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे राजवीर के चाचा अशरफी ने बताया कि उनका भतीजा रोज की तरह शनिवार को भी पशु चराने के लिए गया था, लेकिन शाम को लौटते समय पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। गांव के लोगों की मदद से उसका शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि उसकी अभी शादी नहीं हुई थी और वह अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। युवक की अचानक मौत के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।


