इस्लामनगर में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत
इस्लामनगर में एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों के हंगामे के बाद नर्सिंग होम का स्टाफ भाग गया। बाद में समझौता हुआ। जांच में यह नर्सिंग होम बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा था, जिसकी सीएमओ ने पुष्टि की।

कस्बे में संचालित निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा होते ही नर्सिंग होम का स्टाफ भाग गया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। बुधवार देर शाम इस्लामनगर के हाता गली चमन निवासी इस्लाम अपनी 19 वर्षीय पत्नी नर्गिस के प्रसव पीढ़ा होने पर कस्बे के ही निजी नर्सिंग होम में ले गए। स्टाफ ने नर्गिस की हालत को देखते ही उसे भर्ती कर लिया। इसके बाद नर्सिंग होम संचालक एक नर्स के साथ मौके पर आया और सामान्य प्रसव होने की बात कही। नर्गिस के परिजनों ने कहा कि जच्चा-बच्चा सुरक्षित रहेंगे तो नर्सिंग होम संचालक ने हामी भरते हुए कहा कि सबकुछ ठीकठाक हो जाएगा। कुछ ही देर में नर्स ने नर्गिस को एक साथ कई इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन लगते ही नर्गिस के मुंह से झाग आने लगे और कुछ ही देर में नर्गिस और प्रसव से पहले ही बच्चे की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई की बात कही तो नर्सिंग होम संचालक हाथ पैर जोड़ने लगा। काफी देर तक दोनों पक्षों में बहसबाजी चलती रही, इसके बाद समझौता हो गया.
बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा है नर्सिंग होम
इस्लामनगर कस्बा समेत आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की मेहरबानी से तमाम झोलाछापों का जाल बिछ चुका है। कई क्लीनिक और नर्सिंग होम भी बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हैं। इस्लामनगर के जिस नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत हुई है वह भी बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा है। सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि इस तरह के नाम वाला कोई नर्सिंग होम इस्लामनगर में रजिस्टर्ड नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


