Badaun News: बहन के घर आ रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

हिन्दुस्तान, बदायूं
Follow us on Google News
share

Badaun News: हिमाचल के बद्दी से बाइक पर अपनी बहन के घर आ रहे युवक की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। 18 वर्षीय केशव को गंभीर चोटें आईं, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में शोक की लहर है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बहन के घर आ रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

Badaun News: हिमाचल के बद्दी से बाइक पर अपनी बहन के घर आ रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र के बदायूं-बिजनौर हाईवे स्थित बराय मयखेड़ा के पास हुआ। उघैती थाना क्षेत्र के दमी नगर निवासी 18 वर्षीय केशव पुत्र संजीव कुमार हिमाचल प्रदेश के बद्दी से बाइक पर सवार होकर सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के कठौली गांव में रहने वाली अपनी बहन उपासना के घर आ रहा था।

जैसे ही उसकी बाइक बराय मयखेड़ा के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में केशव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गए।परिजनों ने बताया कि केशव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और हिमाचल प्रदेश के बद्दी में नौकरी करता था। उसने आठ जुलाई को ही अपनी नई बाइक खरीदी थी। वह सबसे पहले अपनी बहन के घर आने के लिए निकला था, जिसके बाद उसे अपने गांव जाना था, लेकिन रास्ते में हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है तथा परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsBadaun NewsBadaun News: बहन के घर आ रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत