
निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, दो घायल
Badaun News - 12 बीडीएन 06--उसहैत कस्बे में निर्माणाधीन मकान की गिरी दीवार, जिसके मलबे दबने से मजदूर की मौत हुई।
उसहैत। निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करने गए एक ही गांव के तीन मजदूरों के ऊपर अचानक दीवार गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसा उसहैत कस्बे में थाने से चंद कदम दूर, पूर्वी दिशा वार्ड 11 में बन रहे एक मकान में हुआ। थाना क्षेत्र के ककरुआ गांव के रहने वाले सबदपाल 45 वर्ष पुत्र सियाराम, अपने चचेरे भाई नन्हे 28 वर्ष पुत्र कुंवरपाल और गांव के ही रहने वाले सर्वेंद्र 24 वर्ष पुत्र राम सिंह, सोमवार सुबह अपने गांव से उसहैत कस्बे के मोहम्मद मियां के यहां मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान तीनों लोग मकान निर्माण के लिए मसाला बनाने की तैयारी में नीचे सामान उठाने गए थे। इसी दौरान जमीन का समतल करने के लिए पास में चल रही जेसीबी की वजह से अचानक दीवार गिर गई। लोगों के शोर मचाने से पहले ही सर्वेंद्र दीवार के बाहर आ चुके थे, जिससे वह मामूली रूप से चपेट में आए। जबकि सबदपाल और उनके चचेरे भाई नन्हे दीवार के नीचे पूरी तरह दब गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन सबदपाल की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं नन्हे जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सबदपाल की मौत के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है और दो मजदूर घायल हुए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। छह बच्चों के पालन-पोषण की चिंता निर्माणाधीन मकान हादसे में मृतक मजदूर सबदपाल के जाने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। उनके पीछे चार छोटी बेटियां और दो छोटे बेटे हैं, जो अभी किसी तरह की कमाई या मजदूरी करने में सक्षम नहीं हैं। मृतक की अचानक मौत ने परिवार पर आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ा दिया है। परिजन अब सबसे अधिक यह चिंता कर रहे हैं कि बच्चों की पढ़ाई, भोजन और अन्य जरूरतों का पालन कैसे होगा। स्थानीय रिश्तेदार और गांव वाले मदद की पेशकश कर रहे हैं, लेकिन परिवार की चिंता अब भी बढ़ी हुई है। तीन भाइयों में छोटे थे सबदपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे सबदपाल मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। निर्माणाधीन मकान हादसे में उनकी मौत ने घर पर मातम फैला दिया है। हादसे के बाद उनकी पत्नी और परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी गम में बार-बार बेहोश हो रही हैं। उनके भाइयों और परिजनों का भी मानसिक हाल बहुत खराब है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




