भैंस चोरी के बाद फिर पहुंचे चोरों को ग्रामीणों ने दौड़ाया
Badaun News - अहोरामई गोटिया गांव में भैंस चोरी के बाद चोरों ने फिर से चोरी करने की कोशिश की। सतर्क ग्रामीणों ने शोर मचाकर चोरों को भागने पर मजबूर कर दिया। चोर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गांव में डर का माहौल है...

क्षेत्र के गांव अहोरामई गोटिया में भैंस चोरी की घटना के बाद तीसरी ही रात चोरों ने फिर से गांव में चोरी करने का प्रयास किया। सतर्क ग्रामीणों ने शोर मचाकर चोरों को दौड़ा लिया। इस दौरान चोर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गांव के रहने वाले जसवीर सिंह की दो दुधारू भैंस गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली थीं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने न तो ठोस कार्रवाई की और न ही गश्त बढ़ाई। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने गांव के पूर्व दिशा में प्राथमिक विद्यालय के पास बने महेश और सुरेश के घर में घुसने का प्रयास किया, तभी छतों पर पहरा दे रहे ग्रामीणों ने शोर मचा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि शोर सुनते ही चोर भाग निकले और फायरिंग करते हुए अंधेरे में गुम हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग रातभर छतों पर पहरा देकर अपने घरों और पशुओं की रखवाली कर रहे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी मान बहादुर सिंह का कहना है कि चोरी की पुनः कोशिश और चोरों की आवाजाही की सूचना नहीं मिली है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




