गल्ला व्यापारियों की चौथे दिन गुरुवार को मंडी के अंदर टैक्स समाप्त करने की मांग को लेकर हड़ताल जारी रही। व्यापारियों ने कहा कि सरकार अपनी दोहरी नीति वापस ले, अन्यथा हम लोग लंबी अवधि तक हड़ताल पर जाने को बाध्य हो जाएंगे। वर्तमान में हड़ताल की वजह से किसान अपना अनाज बेचने को लेकर परेशान हैं।
व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के आह्वान पर चौथे दिन गुरूवार को बदायूं, उझानी, बिल्सी, दातागंज, बिसौली, वजीरगंज मंडी पूरी तरह से बंद रही। सहसवान मंडी में जरूर हड़ताल का असर दिखाई नहीं दे रहा है। यहां के कारोबारी हड़ताल से कोई मतलब नहीं रख रहे हैं।
सहसवान मंडी में पूर्व की भांति व्यापार हो रहा है। जिन मंडियों में बंदी चल रही है वहां के व्यापारियों का कहना है कि मंडी के अंदर व्यापार करने पर टैक्स समाप्त किया जाए। सरकार मंडी के बाहर टैक्स पहले ही समाप्त कर चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि सरकार की दोहरी नीति हम लोगों के हित में नहीं हैं, हमें इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे।