गन्ना विभाग ने 9850 हेक्टेयर भूमि के नहीं बनाये सट्टे, शिकायत
गन्ना विभाग के अधिकारियों द्वारा 9850 हेक्टेयर भूमि पर खड़े गन्ने के सट्टे न बनाए जाने पर राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री...
गोला गोकर्णनाथ। गन्ना विभाग के अधिकारियों द्वारा 9850 हेक्टेयर भूमि पर खड़े गन्ने के सट्टे न बनाए जाने पर राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने अपर गन्ना आयुक्त सत्येंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है।
गोला पहुंचे अपर गन्ना आयुक्त ने बजाज चीनी मिल के तौल कांटों और गन्ना समिति का निरीक्षण किया। पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने ज्ञापन देकर शिकायत की कि सहकारी गन्ना विकास समिति गोला के अधिकारियों ने 9850 हेक्टेयर भूमि पर खड़े गन्ने के सट्टे नहीं बनाए। इनमें 4500 हेक्टेयर भूमि का सर्वे भी हो चुका है, पर कृषि योग्य भूमि फीड नहीं की गई है। 150 हेक्टेयर भूमि की सीएलए दर्ज नहीं की गई है। 3000 हेक्टेयर भूमि के गन्ना किसान सहकारी गन्ना विकास समिति के सदस्य ही नहीं बनाए गए हैं। 2200 हेक्टेयर भूमि के स्वामी 3200 गन्ना किसानों के सट्टे अधिकारियों ने लाक कर रखे हैं। इस कारण गन्ना किसानों की गणना आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने कहा कि गन्ना आयुक्त के आदेश अनुसार किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए गन्ना समिति के प्रांगण में 10 दिन तक किसान मेला लगाया गया था। जिस पर लाखों रुपए व्यय किया गया, पर किसानों की समस्या का अब तक निराकरण नहीं किया गया है। जबकि अब आधा पेराई सत्र बीतने को है। किसान समस्या निराकरण के लिए गन्ना समिति के चक्कर लगा रहे हैं, पर अधिकारी किसानों की समस्या सुनना तो दूर डांट कर भगा देते हैं। अपर गन्ना आयुक्त सत्येंद्र सिंह ने बताया कि वह राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन की चीनी मिलों के तौल कांटों में हेरा फेरी की शिकायत पर जांच करने आए थे। उन्होंने बजाज चीनी मिल के गेट पर लगे तौल कांटों का निरीक्षण किया और बताया कि वह कई अन्य क्रय केंद्र में भी जाकर तौल कांटों की जांच करेंगे।