सभासद के भतीजे को गोली मारने में दो पर मुकदमा
Badaun News - दातागंज में क्रिकेट खेलते समय विवाद के बाद सभासद के भतीजे वैभव को गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल वैभव का इलाज बरेली के निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने किशोर सहित दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

दातागंज, संवाददाता। क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद घर से बुलाकर ले जाकर सभासद के भतीजे को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक किशोर सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गंभीर रूप से घायल किशोर का बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नगर पालिका दातागंज के वार्ड नंबर 15 मोहल्ला घेर निवासी सभासद सुरेश माथुर के भतीजे वैभव 16 वर्ष पुत्र विपिन माथुर का बुधवार सुबह क्रिकेट खेलने को लेकर मोहल्ला बुध बाजार, वार्ड नंबर 15 के रहने वाले वैभव के दो दोस्तों से विवाद हो गया था।
उस समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया और मामला शांत करा दिया। बताया जाता है कि इसके बाद शाम को दोनों वैभव को उसके घर से बाइक पर बुलाकर ले गए और कांसपुर रोड की ओर ले जाकर उसे गोली मार दी।गोली लगने की सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर भेज दिया गया था, जिसके बाद परिजन उसे बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद वैभव के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि युवक को गोली मारने के मामले में किशोर सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


