Badaun News: बंदर से चप्पल छुड़ाने को दौड़े किशोर की एचटी लाइन की चपेट में आकर मौत
Badaun News: बंदर से चप्पल छुड़ाने को दौड़े किशोर की एचटी लाइन की चपेट में आकर मौत

Badaun News: क्षेत्र के गांव फिरोजपुर गुमराह में चप्पल लेकर भागे बंदर से चप्पल छुड़ाने के प्रयास में किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसको लेकर इस्लामनगर में निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे जहां डॉक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई से इनकार करते हुए पुलिस को वापस लौटा दिया। शनिवार को गांव निवासी रवि ठाकुर का इकलौता पुत्र 11वीं का छात्र 16 वर्षीय अंश उर्फ राजन सिंह छत पर था। वह चप्पल छत पर उतारकर पढ़ रहा था। इसी दौरान बंदर उसकी चप्पल लेकर भाग गया।
वह चप्पल को छुड़ाने के लिए दौड़ा और उसके हाथ में पानी से भीगा हुआ गीला डंडा था। बंदर पड़ोसी की छत पर कूदा तो वह भी दूसरी छत पर पहुंच गया। वहां से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। राजन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।उसने जैसे ही बंदर पर डंडा चलाया कि वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मृतक घर का इकलौता चिराग था। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर गांव पहुंचे जहां सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही तो मृतक के परिजनों ने पुलिस को वापस लौटा दिया उनका कहना था कि उनका इकलौता चिराग चला गया अब वह कागजी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इधर, गांव वालों ने बस्ती के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग की है।

