
बरेली-मथुरा हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में छह घायल
Badaun News - उझानी में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो कारों की टक्कर में उत्तराखंड के हरिद्वार के दंपति सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों को सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आगरा और बरेली के हायर सेंटर भेजा गया।
उझानी, संवाददाता। बरेली-मथुरा हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में उत्तराखंड के हरिद्वार के रहने वाले दंपति सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों को सोरों पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर आगरा और बरेली ले गए। मंगलवार रात उझानी के गांव भवानीपुर निवासी निर्मला देवी पत्नी बांकेलाल निजी कार से छर्रा अलीगढ़ अपने चालक के साथ शादी समारोह में जा रही थी। दूसरी कार सवार उत्तराखंड के हरिद्वार के रहने वाले संजीव पुत्र शरद चंद्र आगरा से चंदौसी जा रहे थे।
बरेली-मथुरा हाईवे पर कासगंज जिले के थाना सोरों इलाके में कछला पुल पार मानपुर नगरिया और कछला के मध्य पेट्रोल पंप के पास दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में भवानीपुर की निर्मला देवी पत्नी बांकेलाल और आगरा से आ रही दूसरी कार सवार उत्तराखंड के जगजीतपुर हरिद्वार निवासी चालक संजीव कुमार पुत्र शरद चंद्र, शेफाली उर्फ सोनी पत्नी अजय, ऋतिक पुत्र अजय, रूबी पत्नी संजीव और आयुषी पत्नी ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय आगरा से आ रही कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा बच गया। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से कासगंज जनपद के कस्बा सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचे परिजन घायलों को उपचार के लिए आगरा और बरेली ले गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




