
ओवरलोडिंग से शहर की बिजली आपूर्ति चरमराई
Badaun News - बदायूं में सर्दियों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ओवरलोडिंग के कारण बिजली के तार टूटने और जंपरों के जलने की घटनाएं आम हो गई हैं। अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं, हीटर और अन्य उपकरणों का उपयोग नहीं हो पा रहा है। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही है, जिससे पेयजलापूर्ति भी प्रभावित हुई है।
बदायूं,संवाददाता। सर्दियों के मौसम में भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी चरमरा गई है। ओवरलोडिंग के कारण बिजली के तारों का टूटना व जंपरो का जलना आम बात हो गई है। इससे लगातार कटौती व ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बिजली की अघोषित कटौती से शहर के लोग काफी परेशान है। सर्दी के मौसम में दिन के साथ-साथ रात में होने वाली बिजली कटौती से लोग खासे परेशान हैं। बिजली कटौती के कारण घरों व प्रतिष्ठानों में हीटर,गीजर,ब्लोअर आदि उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। इसके अलावा वाशिंग मशीन,टीवी व फ्रिज आदि उपकरणों का प्रयोग भी नहीं हो पा रहा है।
जिससे गृहणियों को भारी दिक्कतें हो रहीं हैं। रविवार को भी शहर के अधिकतर इलाकों में घंटो बिजली आपूर्ति ठप रही। कार्यशाला बिजलीघर के मोहल्ला आदर्श नगर,अंबिकापुरी, डीएम रोड,आवास विकास कॉलोनी, उसावां रोड पर सुबह 10 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसके बाद करीब एक बजे संबंधित इलाकों की आपूर्ति बहाल हो सकी। कमोवेश यही स्थिति पनबड़िया व मीराजी उपकेंद्र इलाकों में भी रही। यहां भी बिजली की बार-बार कटौती की गई। जबकि कुछ मोहल्लों में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। बिजली कटौती का असर पेयजलापूर्ति पर भी पड़ने लगा है। एक्सईएन संजीव कुमार ने बताया कि सर्दियों में घरों व प्रतिष्ठानों में हीटर व ब्लोअपर चल रहें हैं। इस कारण लोड बढ़ गया है। जिससे लाइनों में फॉल्ट आ रहें हैं। फॉल्ट को दुरुस्त करने के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




