गार्डर पर टिकी फंटियां खिसकते ही गिरी मिट्टी की छत, चार घायल
बदायूं में एक पुराने मकान की मिट्टी की छत गिरने से दो काम करने वाले लोग और नीचे मौजूद एक युवती व बच्ची घायल हो गईं। यह हादसा इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी में हुआ। सभी घायलों को इलाज के लिए चंदौसी भेजा गया है। ग्रामीणों ने घायलों को मलबे से निकाला।
बदायूं। पुराने मकान की मिट्टी की छत पर मिट्टी डालने के दौरान गार्डर पर रखी लकड़ी की फंटियां खिसक गईं, जिससे पूरी छत भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे में छत पर काम कर रहे दो लोग और नीचे मौजूद एक युवती व बच्ची घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी में जाहरवीर मंदिर के निकट मंगलवार को एक पुराने मकान में मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव के रहने वाले वीरेंद्र और कल्लू अपने मकान की मिट्टी की छत पर मिट्टी डाल रहे थे। मकान की छत गार्डर, बल्ली और उसके ऊपर रखी लकड़ी की फंटियों पर टिकी हुई थी।
गांव के लोगों ने बताया मिट्टी डालने के दौरान अचानक लकड़ी की फंटियां खिसक गईं, जिससे छत का संतुलन बिगड़ गया और पूरी मिट्टी की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। छत गिरने से वीरेंद्र और कल्लू मलबे के साथ नीचे गिरकर घायल हो गए। वहीं छत के नीचे मौजूद चार वर्षीय स्वीटी और 20 वर्षीय रानी भी मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चारों घायलों को तत्काल बाहर निकाला। प्राथमिक सहायता के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए चंदौसी भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


