कच्छा बनियान गिरोह का धावा, परिजनों को पीटकर बनाया बंधक, भीषण डकैती डाली
उत्तर प्रदेश के बदायूं में कच्छा-बनियान धारी गिरोह ने एक घर में घुसकर दुस्साहसिक डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार लांघकर घर में प्रवेश किया और विरोध करने पर परिजनों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में कच्छा-बनियान धारी कुख्यात गिरोह ने एक बार फिर दस्तक देकर पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी है। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में देर रात इस गिरोह के डकैतों ने एक घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर परिवार के छह लोगों को लहुलूहान कर दिया। हमले में घायल दंपति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बदमाश घर से ₹50 हजार की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए। दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे दीवार लांघकर घर में घुसे डकैत
सनसनीखेज वारदात इस्लामनगर कस्बा स्थित बिल्सी-बिसौली रोड की नई बस्ती में अफरोज डॉक्टर के पास घटित हुई। यहाँ के निवासी नजाकत अपनी पत्नी मिस्कीन और बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। देर रात कच्छा-बनियान पहने करीब सात बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाया। गिरोह का एक शातिर बदमाश घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़ा और दीवार लांघकर आंगन में कूद गया। उसने अंदर से मुख्य फाटक का ताला खोलकर अपने बाकी छह साथियों को घर के भीतर दाखिल कर लिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से बरपाया कहर, छह लोग घायल
घर में दाखिल होते ही बदमाशों ने अलमारियों और बक्सों को खंगालना शुरू कर दिया। आहट पाकर जब नजाकत और उनके परिजनों की आंख खुली तो उन्होंने शोर मचाते हुए डकैतों का मुकाबला करने का प्रयास किया। इस पर बेखौफ बदमाशों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। बदमाशों ने नजाकत और उनकी पत्नी मिस्कीन को सिर और शरीर पर लाठियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, बीच-बचाव करने आई बेटी नाजिश, बेटे इस्तेकार की पत्नी भेजो, भाई की पत्नी शबनम और उनके बेटे अल्तमश को भी पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश ₹50 हजार कैश और लाखों की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए।
खुलासे के लिए फॉरेंसिक और एसओजी सहित छह टीमें मुस्तैद
बदमाशों के भागने के बाद डरे-सहमे परिवार ने किसी तरह पुलिस को फोन किया। डकैती की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, एसओजी (SOG) और सर्विलांस की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दंपति को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित नजाकत ने पुलिस को बताया कि सभी बदमाश काले रंग के कच्छा-बनियान पहने हुए थे और आपस में किसी स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डकैतों की धरपकड़ के लिए छह विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस के जरिए बदमाशों के सुराग तलाश रही हैं।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


