Badaun News: अवैध खनन की सूचना पर छापा, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं
Badaun News: बिनावर में पुलिस ने अवैध खनन की सूचना पर रात में छापा मारा। चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया, जबकि जेसीबी चालक भाग गया। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि कुछ लोग अनुमति के बाद भी मशीनों से खनन कर रहे हैं। पुलिस ने खनन विभाग को मामले की सूचना दे दी है।
Badaun News: बिनावर। जंगल में चोरी-छिपे चल रहे अवैध खनन की सूचना पर पुलिस ने रात में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खनन में लगी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ ली गईं, जबकि पुलिस को देखते ही जेसीबी चालक मशीन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर खनन विभाग को सूचना दे दी। मामला थाना बिनावर क्षेत्र के निजामपुर गांव के जंगल का है। क्षेत्र में कई दिनों से चोरी-छिपे खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग खनन विभाग से फावड़े से मिट्टी उठाने की अनुमति लेकर पहुंचते हैं, लेकिन बाद में मशीनों से दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर ले जाते हैं।
सोमवार रात करीब 12 बजे प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक को निजामपुर के जंगल में खनन की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तो वहां चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनन में लगी मिलीं। पुलिस को देखते ही जेसीबी चालक मशीन लेकर भाग निकला। चर्चा है कि पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छुड़ाने के लिए कुछ स्थानीय नेता रातभर थाने के चक्कर काटते रहे।पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर खनन विभाग को सूचना दे दी। अब मामले में आगे की कार्रवाई खनन विभाग द्वारा की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि खनन की सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। जेसीबी चालक मशीन लेकर फरार हो गया, जबकि चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ ली गईं। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है और कार्रवाई वहीं से की जाएगी। बिना अनुमति किसी भी तरह का खनन नहीं होने दिया जाएगा।


