
वाहन की टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, मुकदमा
Badaun News - बदायूं में सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने विद्युत विभाग की संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया। 250 केवीए का परिवर्तक और भूमिगत बी पैनल को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बदायूं, संवाददाता। सदर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन द्वारा विद्युत विभाग की महत्वपूर्ण संपत्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मीरा की चौकी के अंतर्गत हुई घटना को लेकर की गई है, जिसमें परिवर्तक और भूमिगत पैनल को भारी नुकसान पहुंचा है। अवर अभियंता चंद्रमणि गौतम ने बताया कि मीराजी चौकी क्षेत्र के कोतवाली बूथ के पास डबल पोल पर स्थापित 250 केवीए का परिवर्तक 20 दिसंबर 2025 की रात में अज्ञात वाहन की से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि परिवर्तक का रेडियेटर पूरी तरह टूट गया और उसका तेल बाहर निकल गया।
इसके अलावा घंटाघर स्थित ट्यूबवेल के पास लगा भूमिगत बी पैनल भी वाहन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। 250 केवीए परिवर्तक की कीमत पांच लाख 99 हजार 980 रुपये, भूमिगत बी पैनल की कीमत एक लाख 50 हजार रुपये और इन्हें बदलने का खर्च 55 हजार रुपये है। इस प्रकार विभाग को कुल करीब आठ लाख, चार हजार, 980 रुपये की राजस्व हानि हुई है। तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान कर जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




