
कोल्ड स्टोरेज चोरी के गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
Badaun News - कोल्ड स्टोरेज में हो रही चोरियों से परेशान लोगों को राहत मिली है। बिल्सी कोतवाली पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से एक लाख 71 हजार रुपये, दो अवैध तमंचे, और चोरी में प्रयुक्त ट्रक...
कोल्ड स्टोरेज में लगातार हो रही चोरियों से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। बिल्सी कोतवाली पुलिस ने अंतर जनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाख 71 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त ट्रक और लोहे का सब्बल बरामद किया है। मंगलवार को खुलासा के दौरान सीओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिजनौर-बदायूं हाइवे स्थित नरैनी चौराहे के पास गश्त के दौरान दबिश दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रामपुर जिले के इमरान, आमिर हुसैन और नजम के रूप में हुई है।

यह गिरोह दिन में ट्रक से भाड़े का काम करता था और रात में कोल्ड स्टोरेज की रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। हाल ही में सिरासौल गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज में हुई चोरी में भी यही गैंग शामिल पाया गया। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के मुख्य आरोपी इरफान पर विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। माना जा रहा है कि इस गैंग ने जिले के इस्लामनगर, फैजगंज बेहटा, बिसौली और वजीरगंज क्षेत्र में भी कई वारदातें की हैं। सीओ ने बताया कि बिल्सी पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया है और बहुत जल्द पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




