जिला अस्पताल में मरीजों को उपचार सेवा शुरू कर दी गई हैं। लंबे समय से मरीजों को कोरोना काल में केवल इमरजेंसी सेवाएं मिल रहीं थी बाकी सेवाओं पर विराम लगा हुआा था। सरकार के निर्देश पर सामाजिक दूरी के साथ सावधानी बरतते हुये ओपीडी खोल दी है। ओपीडी के पहले दिन ही मरीजों की भीड़ रही, सामाजिक दूरी तार-तार हो गयी। मरीजों ने लंबी-लंबी लाइनें लगाकर उपचार लिया है।
गुरुवार को जिला पुरुष अस्पताल की ओपीडी खोल दी गई है। गुरुवार की सुबह सात बजे से ही ओपीडी खोलकर कर्मचारियों से धुलायी शुरू कर दी गयी थी। इसके बाद पर्चा बनाने शुरू हुये और ओपीडी का गेट खोल दिये गये। नौ बजे से 12 बजे तक भारी भीड़ रही है। पहले दिन ओपीडी में 456 मरीजों ने उपचार लिया है।
पहले दिन ही गायब दिखे डॉक्टर
सात महीने बाद जिला अस्पताल की ओपीडी खुली है, इसके बाद भी डॉक्टरों का रवैया नहीं बदला है। डॉक्टर पुराने वाले रवैया में नौ बजे के बाद आये और 12 बजे निकल गये। यहां असिस्टेंट उपचार करते रहे हैं।
पूरी ओपीडी को सेनिटाइज किया गया
जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद ओपीडी को खोल दिया है, पहले पूरी ओपीडी को सेनिटाइज किया है इसके बाद स्टाफ को बिठाया है। सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिये हैं, ओपीडी में जाने वाले मरीजों को मास्क लगाकर ही जाने दिया जा रहा है। डॉक्टर व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं जिम्मेदारी से ड्यूटी करें।