दहगवां। अधिक शराब पीने से एक युवक की गुरुवार को मौत हो गयी, जबकि उसका हमप्याला साथी अस्पताल में भर्ती मौत से जूझ रहा है। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिये बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। साथी का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। चर्चा है देसी में कच्ची शराब देसी मिलाकर पीने से यह हादसा हुआ है।
घटना थाना जरीफनगर इलाके में बुधवार शाम हुई। यहां के गांव समसपुर कूबरी निवासी नन्हें 25 वर्ष व किताब सिंह ने बुधवार शाम गांव के एक व्यक्ति के यहां जाकर शराब पी थी। बताया जाता है कि पहले दोनों ने कच्ची शराब पी, जबकि इसके बाद देसी पीने लगे। रात में दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। यहां नन्हें की हालत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए लेकिन आधी रात के बाद उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा साथी अस्पताल में भर्ती है। परिवार वालों ने नन्हें का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर प्रेमपाल वार्ष्णेय ने बताया कि ऐसा मामला संज्ञान में नहीं आया है।