फंदे से लटका मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
Badaun News - बदायूं में नीम के पेड़ से लटका युवक का शव मिला। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का आरोप लगाया है। युवक की बुआ के घर से फोन आने के बाद उसे बुलाया गया था, जहां उसकी गला दबाकर हत्या की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बदायूं। नीम के पेड़ पर फंदे से लटका युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक को उसकी बुआ के घर से फोन कर बुलाया गया, जहां उसकी गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला दातागंज कोतवाली के नगला बसेला गांव का है। यहां के रहने वाले परसोत्तम 22 वर्ष पुत्र पान सिंह का शव नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने प्रेम प्रसंग के चलते गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परसोत्तम के फूफा मदनलाल ने बताया कि परसोत्तम का गांव की ही अपनी जाति की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार युवती उसके घर भी आ चुकी थी, जिस पर गांव में पंचायत कर मामला निपटाया गया था और करीब 15 दिन से परसोत्तम उनके घर पर रह रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे परसोत्तम के मोबाइल पर किसी का फोन आया, इसके बाद वह खाना खाने के बाद घर से निकल गया। देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर केवल घंटी जाती रही और करीब नौ बजे मोबाइल बंद हो गया। सुबह करीब छह बजे मोबाइल चालू हुआ, जिसके बाद परसोत्तम के घर से सूचना मिली कि उसका शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। परिजनों ने आशंका जताई है कि परसोत्तम की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला है, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




