
कचहरी परिसर में दामाद ने भाइयों संग ससुर को पीटकर मार डाला
Badaun News - बदायूं में एक मुकदमे की पैरवी के दौरान मोहम्मद मियां की उनके दामाद गुल सबाब और उसके भाइयों ने हत्या कर दी। कचहरी परिसर में हुई मारपीट के बाद मोहम्मद मियां को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत...
बदायूं, संवाददाता। मुकदमे की पैरवी करने आए व्यक्ति के साथ उसके दामाद ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मारपीट कर हत्या कर दी। अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन लोग फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की ओर से दामाद गुल सबाब व उसके तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जतकी के रहने वाले मोहम्मद मियां ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि वह एक मुकदमे में वादी हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने मुकदमे में पैरवी के लिए न्यायालय परिसर सहसवान में आए थे।
इसी दौरान सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजपुर के रहने वाला उनका दामाद गुल सबाब अपने तीन भाइयों के साथ कचहरी परिसर में घुस आया और अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने मोहम्मद मियां को मारपीट कर घायल कर दिया। मोहम्मद मियां के साथ हो रही मारपीट से कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद वकीलों और न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने मारपीट कर रहे एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन लोग फरार हो गए, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है। मारपीट में घायल मोहम्मद मियां को पुलिस ने सहसवान सीएचसी पर मेडिकल परीक्षण कराने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने शव मोर्चरी में रखवाकर सहसवान कोतवाली पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने घायल होने के दौरान मोहम्मद मियां की तहरीर पर ही दामाद गुल सबाब, शादाब, अल्ताफ और फिरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दामाद-ससुर में मुकदमे की रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कल कराया जाएगा। एक साल पहले भी दामाद ने किया था हमला सहसवान कचहरी परिसर में ससुर मोहम्मद मियां की पीट-पीटकर हत्या करने वाले दामाद गुल सबाब का यह पहला कारनामा नहीं है। एक साल पहले भी गुल सबाब ने अपने ससुर मोहम्मद मियां पर जानलेवा हमला किया था। उस समय गंभीर हालत में मोहम्मद मियां ने किसी तरह जान बचाई थी। परिजनों का कहना है कि उस घटना के बाद से ही दोनों परिवारों में विवाद गहराया हुआ था। इसी रंजिश की वजह से गुरुवार को कचहरी परिसर में हमला कर मोहम्मद मियां की हत्या कर दी गई। रुपयों के विवाद को लेकर चल रहा था मुकदमा सहसवान कचहरी परिसर में ससुर मोहम्मद मियां की हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और रुपयों का विवाद ही प्रमुख कारण बताया जा रहा है। मोहम्मद मियां के बेटे साहिल ने बताया कि काफी समय से दामाद गुल सबाब और उसके भाइयों के साथ रुपयों को लेकर मुकदमा चल रहा था। इसी मुकदमे की पैरवी करने के लिए गुरुवार को मोहम्मद मियां कचहरी आए थे, जहां उन पर हमला कर हत्या कर दी गई। तीन बेटे और तीन बेटियां, दो की हुई शादी मोहम्मद मियां के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और तीनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई है। बेटे साहिल ने बताया कि पिता की हत्या से पूरा परिवार सदमे में है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




