एचपीसीएल हत्याकांड में चार्जशीट के बाद एसएसपी से मिले डीजीएम सुधीर गुप्ता के परिजन
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दोहरे हत्याकांड के मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद मृतक डीजीएम सुधीर गुप्ता के परिजन एसएसपी से मिले। परिजनों ने न्याय की उम्मीद जताते हुए शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने की इच्छा व्यक्त की।
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में डीजीएम व डिप्टी मैनेजर की 12 मार्च को हुई हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद मृतक डीजीएम सुधीर गुप्ता के परिजन एसएसपी से मिले। परिजनों ने जांच प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह आज भी उनकी समझ से परे है। उन्होंने मामले के शीघ्र निस्तारण की मांग की। सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दोहरे हत्याकांड की घटना में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद मृतक डीजीएम सुधीर गुप्ता की पत्नी, बहन, भाई और अन्य परिजन एसएसपी अंकिता शर्मा से मिलने पहुंचे।
मुलाकात के दौरान उन्हें बताया गया कि मामले की जांच पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। आगे की न्यायिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। रश्मि गुप्ता ने बताया कि वे काफी समय से चार्जशीट दाखिल होने का इंतजार कर रहीं थी। उनका मानना है कि अब मामले की सुनवाई आगे बढ़ने से दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
मृतक डीजीएम सुधीर गुप्ता की पत्नी ने कहा कि उनके मन में आज भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी कौन-सी वजह थी, जिसके चलते एचपीसीएल प्लांट के भीतर उनके पति और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका कहना है कि किसी भी कर्मचारी के लिए कार्यस्थल सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है और कोई यह कल्पना भी नहीं कर सकता कि बैठक के दौरान ऐसी घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस जांच पर भरोसा जताते हुए कहा कि यदि इस वारदात के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है तो उसका भी खुलासा होना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा मिलेगी और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


