हिंदू सम्मेलन में सामाजिक एकता पर जोर
Badaun News - अलापुर में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में क्षेत्रभर से जनसैलाब उमड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हुए इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया। मुख्य वक्ता सुधांशु ने संगठित समाज की आवश्यकता पर जोर दिया।

अलापुर, संवाददाता। जगत रामलीला ग्राउंड में शनिवार को आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में क्षेत्रभर से जनसैलाब उमड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के माध्यम से सशक्त राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बदायूं विभाग प्रचारक सुधांशु ने अपने ओजस्वी संबोधन में संगठन की शक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक संगठित और जागरूक समाज ही किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला होता है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने जोर दिया कि एकजुट समाज बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
सम्मेलन के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह और सामाजिक जागरूकता का वातावरण बना रहा। वक्ताओं ने धर्म और संस्कृति के संरक्षण को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अनिवार्य बताया। कार्यक्रम में शेखूपुर के पूर्व विधायक भाजपा धर्मेंद्र शाक्य को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभाग संघचालक सुनील गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सामाजिक संत रवि समदर्शी, सह जिला कार्यवाह मनोज कुमार और जिला प्रचारक भरत लाल, रामदुलारे, रेखा व सौरभ मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


