तारीख लेने निकला अधेड़ घर नहीं पहुंचा, फंदे पर मिला शव

Jan 17, 2026 02:10 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बदायूं
share Share
Follow Us on

Badaun News - कादरचौक के मिडौली मिर्जापुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति नत्थू लाल का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिवार का कहना है कि शराब के विवाद के कारण वह पिछले 15 दिनों से रिश्तेदारी में रह रहे थे। उन्हें कोर्ट में तारीख लेने के लिए जाना था, लेकिन वह घर नहीं लौटे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

तारीख लेने निकला अधेड़ घर नहीं पहुंचा, फंदे पर मिला शव

कादरचौक,संवाददाता। झगड़े के एक मामले में तारीख लेने के लिए कोर्ट गये अधेड़ न तो घर लौटे और न ही अपनी रिश्तेदारी पहुंच पाये। शुक्रवार सुबह थाना क्षेत्र के एक गांव में उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की और परिजनों को घटना की जानकारी दी। अधेड़ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि करीब एक माह पहले शराब को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था, जिस मामले में मुकदमा चल रहा था और पुलिस के डर से वह पिछले 15 दिनों से अधिकतर रिश्तेदारी में रह रहे थे।

मामला कादरचौक थाना क्षेत्र के मिडौली मिर्जापुर गांव का है। यहां के रहने वाले रफन मियां पुत्र अजमतउल्लाह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके खेत के पास आम के बाग में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो उसकी पहचान कादरचौक थाना क्षेत्र के खतौलिया गांव के रहने वाले नत्थू लाल 50 वर्ष पुत्र केवल राम के रूप में हुई। इसके बाद उनके परिवार वालों को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित तथ्य जुटाए। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे नत्थू लाल के भाई महेंद्र पाल ने बताया कि उनके भाई का शराब को लेकर करीब एक महीने पहले गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया था, जिसको लेकर उन पर मुकदमा दर्ज किया गया था और 151 के तहत उनका चालान भी किया गया था। करीब 15 दिनों से वह पुलिस के डर की वजह से अपना गांव छोड़कर रिश्तेदारी में रह रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह 14 जनवरी को तारीख लेने के लिए बदायूं गए थे, लेकिन न तो घर वापस लौटे और न ही रिश्तेदारी में पहुंचे। शुक्रवार सुबह पुलिस से सूचना मिली, तब पता चला कि नत्थू लाल का शव फंदे पर लटका हुआ है। फिलहाल उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। वहीं थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि नत्थू लाल का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;