सहसवान में धूमधाम से निकाली भगवान श्रीराम बारात
श्रीरामलीला महोत्सव में बैंडबाजे और काली अखाड़े के साथ भगवान श्रीराम की बारात निकाली गई। बारात में शामिल झाकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र...

सहसवान, संवाददाता। श्रीरामलीला महोत्सव में बैंडबाजे और काली अखाड़े के साथ भगवान श्रीराम की बारात निकाली गई। बारात में शामिल झाकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। राम बारात देखने के लिए ग्रामीण और नगर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था चाक चौबंद रही।
श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष संतोष गांधी ने भगवान श्रीराम का तिलक कर रामलीला ग्राउंड से बारात की शुरुआत की। बारात में सबसे आगे गणेशजी की सजीव झांकी, इसके पीछे बग्घी पर सवार श्रीराम लक्ष्मण, राष्ट्रध्वज हाथ में लिए नन्हें मुन्ने बच्चों के बीच भारत माता, नृत्य करते राधा कृष्ण, बजरंग बली, भारत माता की रक्षा में तैनात भारतीय फौजी, श्रीकृष्ण सुदामा, अयोध्या में निर्मित राम मंदिर, अशोक वाटिका में बैठी मां सीता और हनुमानजी, नौ देवियों की झांकी लोगों को भाव विभोर कर रही थी। जहागीराबाद चौराहा, नयागंज, नवादा, कोतवाली, मुख्य बाजार विल्सन गंज, पठानटोला, चौधरी मोहल्ला, तहसील गेट होती हुई वापस रामलीला मैदान में राजा जनक के द्वार पर पहुंची। चेयरमैन बाबर मियां के निर्देश पर बारात मार्ग पर विशेष सफाई कर चूना डलवाया गया था। मुख्य बाजार समेत बारात के अन्य मार्ग पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। एसडीएम प्रेमपाल सिंह, कोतवाल सौरभ सिंह, प्रबंधक अतुल सक्सेना, अंबरीश वर्मा, सुभाष गौड़, अवढर शर्मा, पीयूष माहेश्वरी, चंद्रपाल शाक्य, सुमित सक्सेना, देवेंद्र प्रजापति, हर किशोर सागर, राम खिलाड़ी प्रजापति, उज्जवल, पुष्पेंद्र कुमार, प्रतोष कुमार, सचिन मौजूद थे।
