ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बदायूं35 घंटे का कर्फ्यू लागू कराने सड़क पर उतरी खाकी, सन्नाटा

35 घंटे का कर्फ्यू लागू कराने सड़क पर उतरी खाकी, सन्नाटा

35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू लागू कराने के लिए शनिवार रात पुलिस सड़कों पर उतर आयी। जहां हाईवे से सटे इलाकों में पेट्रोलिंग कर माइक से लोगों को घरों में...

35 घंटे का कर्फ्यू लागू कराने सड़क पर उतरी खाकी, सन्नाटा
हिन्दुस्तान टीम,बदायूंSun, 18 Apr 2021 03:14 AM
ऐप पर पढ़ें

बदायूं। हिन्दुस्तान संवाद

35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू लागू कराने के लिए शनिवार रात पुलिस सड़कों पर उतर आयी। जहां हाईवे से सटे इलाकों में पेट्रोलिंग कर माइक से लोगों को घरों में रहने को कहा गया। वहीं बाइकर्स पर शिकंजा कसते हुए चेकिंग भी शुरू कर दी गई।

बाजार पूरी तरह बंद हो गये। केवल मेडिकल ही खुले दिखे। वहीं मुसाफिरों का आवागमन जारी है। जरूरी काम से लोग अभी भी घरों से निकल रहे हैं लेकिन ठोस वजह न मिलने पर पुलिस चालान और जुर्माने से नहीं चूक रही है। शनिवार रात शहर के हालात संपूर्ण लॉकडाउन जैसे हो गये। सालभर पहले जो इन दिनों हालात थे, बिल्कुल वैसा ही माहौल शहर में देखा गया। बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर केवल पुलिस नजर आ रही है। जो भी राहगीर निकलते दिख रहे हैं पुलिस उन्हें रोककर निकलने की वजह पूछने के साथ ही रास्ते से ही लोगों को वापस लौटा रही है। झिकझिक करने वालों पर जुर्माना भी ठोंका जा रहा है।

स्थान : शहर का प्रमुख बाजार छह सड़का

शहर का सबसे व्यस्ततम इलाका कहा जाने वाला छह सड़का शनिवार रात साढ़े आठ बजे सन्नाटे में डूब गया। जैसे ही पुलिस की गाड़ियों का सरायन बता वैसे की धड़ाधड़ दुकानें बंद होती गयी और लोग घरों की ओर चल पड़े। रात में इलाका पूरी तरह से सन्नाटे में डूबा गया। दूर-दूर तक कोई गुजरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। दुकानों के बाहर केवल लाइटों की रोशनी थी।

बसों के इंतजार में दिखे मुसाफिर

शहर के रोडवेज बस स्टैंड चौराहे पर मुसाफिरों की भीड़ खड़ी अपनी बस का इंतजार कर रही थी। किसी को दिल्ली जाना था तो किसी को बरेली या आगरा। इनमें अधिकांश वही लोग शामिल थे, जो अपने परिजनों का इलाज कराने या दवा लेने को रवाना होने की तैयारी में थे।

112 से बजाया हूटर, घरों में घुसे लोग

शहर के पथिक चौक पर कर्फ्यू का पालन कराने की जिम्मेदारी यूपी 112 की पीआरवी को दी गई थी। यहां तय समय पर जैसे ही 112 गाड़ी से हूटर की आवाज आयी तो चहल कदमी करने वालों ने घरों राह पकड़ ली। पीआरवी के पुलिसकर्मी राहगीरों को आते-जाते टोक रहे थे। साथ ही घरों पर जाने की हिदायत भी दी जा रही थी। अधिकांश लोग नौकरीपेशा होने के कारण उन्हें आगे से आठ बजे अपने काम से लौटने को कहा गया।

बिना कहे ही बाजार बंद कर गये दुकानदार

शहर का गांधीग्राउंड चौराहा पूरी तरह सुनसान था। यहां से पनबड़िया व छह सड़का समेत लावेला चौक को जाने वाली सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा था। क्योंकि पुलिस उन्हें पिछले चौराहों पर ही रोक चुकी थी। इसके अलावा रजिचौक पर भी पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। नई सराय चौकी पुलिस लोगों को बिना मास्क के घर से न निकलने की हिदायत देती देखी गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें