Badaun News: ककराला में दूर होगा विद्युत संकट, विधायक ने दिया 100 केवीए का टीएफ
Badaun News: ककरला में बिजली की समस्या के हल के लिये 100 केवीए के ट्रांसफार्मर लगवाने को विद्युत निगम को पत्र सौंपते शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव।

Badaun News: ककराला, संवाददाता। नगर में लंबे समय से ओवरलोडिंग के चलते विद्युत संकट का लोगों को सामना करना पड़ रहा था। इस विद्युत संकट को दूर करने के लिए काफी समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की जा रही थी। मगर, इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा था। अब क्षेत्रीय विधायक हिमांशु यादव ने ककराला में विद्युत संकट दूर करने के लिए अपनी निधि से 12.21 लाख रुपये की लागत से 100 केवीए का एक नया ट्रांसफार्मर मंजूर कराया है। इसके लगने के बाद काफी हद तक यहां विद्युत संकट दूर हो जाएगा। ककराला में कई साल से ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बिजली विभाग बजट न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेता है। लगातार शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं हो सका। इस पर शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव ने संज्ञान लिया। इस काम के लिए उनकी निधि से 12.21 लाख का बजट स्वीकृत किया गया।
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना
नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना के बाद ककराला में ओवरलोडिंग लो-वोल्टेज बार-बार बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। इससे हजारों परिवारों के साथ स्थानीय व्यापारियों को फायदा मिलेगा। विभागीय स्तर की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शीघ्र ही ककराला में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर यहां लग जाएगा।
जनता की प्रतिक्रिया
ककरालावासियों ने विधायक हिमांशु यादव का आभार जताते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं के साथ संपूर्ण विकास के लिए विधायक की सक्रियता विकास को नई दिशा दे रही है। विधायक हिमांशु यादव ने कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रीय जनता को जरूरी सुविधाओं के साथ निरंतर विकास जारी रहेगा।


