Badaun News: शहर से लेकर देहात तक झमाझम बारिश, गर्मी से निजात

हिन्दुस्तान, बदायूं
Follow us on Google News
share

Badaun News: शहर में शाम के समय हुई झमाझम बारिश के बाद लावेला चौक से जोगीपुरा मार्ग पर हुआ जलभराव के बीच से गुजरते लोग।

Badaun News: शहर से लेकर देहात तक झमाझम बारिश, गर्मी से निजात

Badaun News: बदायूं, संवाददाता। जिले में मानसून आने के बाद दो दिन लगातार बारिश हुई तो बीच में कई दिनों तक लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी से व्याकुल होना पड़ा था। गर्मी का प्रकोप झेल रहे लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे तो मंगलवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज मिल गया, इससे भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली तो बुधवार को दोपहर दो बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहाना कर दिया। दिन भर रुक रुककर होती रही बारिश से मौसम सुहाना होता रहा तो शाम को काली घटा के साथ हुई झमाझम बारिश ने इस साल का रिकार्ड तोड़ दिया। शहर से लेकर देहात तक हर ओर जलभराव रहा तो राहगीरों को जलभराव का सामना करना पड़ा, लेकिन देहात क्षेत्र में किसानों के चेहरे खिल उठे।

मौसम में बदलाव

मंगलवार को दोपहर बाद मानसून आने के बाद तीसरी बारिश हल्की बूंदाबांदी के रूप में शुरू हुई थी। मंगलवार को दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ मामूली बारिश शुरू हुई थी। इससे मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों ने सुहाने मौसम का लुत्फ उठाना शुरू कर दिया। बुधवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। इसके बाद सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी हुई और दोपहर दो बजे से तेज बरसात शुरू हो गई। तेज और ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। शाम के समय करीब साढ़े पांच बजे अचानक आसमान में काले बादल छाए तो अंधेरा भी छा गया। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश होने से गर्मी काफी हद तक दूर हुई और मौसम सुहाना काफी सुहाना हो गया। शाम के बाद रात में भी रुक रुककर तेज बरसात होती रही। इस वजह से जगह-जगह जलभराव हुआ। हालांकि झमाझम बारिश की वजह से शहर की बत्ती गुल रही, लेकिन गर्मी का प्रकोप खत्म होने की वजह से लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

बारिश के कारण जलभराव

झमाझम बारिश से लुढ़का पारा

मानसून की दो दिन लगातार बारिश होने के बाद तीसरे दिन बारिश बंद हुई तो तेज धूप और उमस से लोग व्याकुल हो गए थे। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से सभी परेशान थे। तेज धूप की वजह से तापमान भी लगातार बढ़ता ही जा रहा था। मंगलवार से पहले सोमवार तक तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में मंगलवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली तो तापमान में गिरावट शुरू हो गई। बुधवार को जब झमाझम बारिश हुई तो यह तापमान घटकर 27 डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोगों को अपने पंखे भी नहीं चलाने पड़े। भीषण गर्मी में एक दिन की बारिश ने ठंडक का अहसास दिला दिया।

जलभराव की समस्याएँ

शहर में चारों ओर जलभराव, फंसे रहेह लोग

बुधवार को दोपहर बाद हुई तेज बारिश की वजह से शहर में चारों ओर जलभराव हो गया। चोक नाले और पहले से बंद पड़ीं पुरानी पुलिया की वजह से पानी का सही से निकास न होने से जलभराव बढ़ता ही गया। बारिश शाम के समय कुछ देर के लिए बंद हुई तो बारिश में फंसे लोगों ने अपने घर जाने की सुध ली, लेकिन जलभराव की वजह से वह जहां थे वहीं फंसे रहे। इसके अलावा बारिश की वजह से जो लोग घरों से बाहर नहीं निकले थे वह भी जलभराव से परेशान होकर बाजारों में घरेलू सामान खरीदने के लिए नहीं निकल। देर रात शहर में लोग जलभराव से जूझते रहे।

बारिश के पानी में मृत मिला गोवंश, अंतिम संस्कार

मंगलवार को हुई लगातार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ पशुओं के लिए भी मुसीबत खड़ी कर दी। सोरहा के साप्ताहिक बाजार में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया था। बुधवार सुबह जब ग्रामीण बाजार की ओर गए तो उन्होंने गहरे पानी में एक मृत गोवंशीय उतराता हुआ देखा।

जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सक्सेना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में हल्का लेखपाल विशाल यादव एवं पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। जेसीबी बैकहोलोडर की मदद से गड्ढा खुदवाकर मृत गोवंशीय को विधि-विधान के साथ दफन कर दिया गया।

कस्बे में आक्रोश

कस्बे में आक्रोशित लोगों ने जेसीबी से खुलवाया नाला

बुधवार को दूसरे दिन भी शाम को मूसलाधार बारिश हुई। बारिश की वजह से कस्बे में चोक पुराने नाले की वजह से घरों एवं दुकानों में पानी घुस गया। आक्रोशित लोगों के विरोध के बाद पानी निकासी खोली गई। लेकिन जलभराव की दिक्कत फिर भी कायम रहने से लोग परेशान हो उठे।

बुधवार को दिन भर रुक रुककर बारिश होती रही। शाम करीब पांच बजे एक बार फिर मूसलाधार बारिश की शुरुआत हो गई। करीब डेढ़ घंटे की बारिश में हर तरफ पानी ही पानी नज़र आने लगा। तालाब पोखर को पार कर पानी सड़क पर बहने लगा। थाना परिसर,खंडुआ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत तमाम घरों में पानी घुस गया। उघैती कस्बे के पानी निकासी को रघुनाथपुर रोड का नाला बंद किए जाने से नाराज लोग आक्रोशित हो उठे। कस्बे के लोगों का गुस्सा भांपकर खेत स्वामी ने अतिक्रमण हटा दिया। जिसके बाद पानी निकलना शुरू हो गया। फिर भी मंगल बाजार से आगे जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दूसरे दिन चालू हुई बिजली सप्लाई फिर ठप हो गई। जिसकी वजह से पेयजल संकट छा गया है। धान की रोपाई वाले किसान खुश हैं,वहीं मक्का एवं सब्जी उगाने वाले किसान परेशान हैं।

बिल्सी में बारिश का असर

बिल्सी में रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश, राहत

क्षेत्र में कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार दोपहर को रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश से नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।

तेज वर्षा के बाद नगर के पालिका के मुख्य द्वार, बिजलीघर रोड, हनुमानगढ़ी कॉलौनी, सीताराम तिराहा, खैरी बस स्टैंड, मोहल्ला संख्या तीन और चार के निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे फिसलन बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश में ही ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती है। इधर, इस बरसात ने मक्का किसानों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी है।

बिसौली में बारिश का नतीजा

बिसौली, संवाददाता। नगर में हुई हल्की बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। दबतोरी रोड पर करीब दो फिट तक पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। इससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। उन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वहीं दोपहिया वाहन चालक फिसलन और गहरे पानी के कारण गिरकर घायल हो रहे हैं। नगरवासियों का कहना है कि साईं बिहार कॉलोनी में निर्माणाधीन नाले के चलते पानी की निकासी बाधित हो गई है। बारिश का पूरा पानी दबतोरी रोड पर जमा हो जाता है, जिससे हर वर्ष यही समस्या पैदा होती है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, निर्माणाधीन नाले का कार्य जल्द पूरा कर पानी निकासी के इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बदायूं में बारिश से क्या हुआ?
बदायूं में झमाझम बारिश से जलभराव हुआ और किसानों के चेहरे खिल उठे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsBadaun NewsBadaun News: शहर से लेकर देहात तक झमाझम बारिश, गर्मी से निजात