
शहर से देहात तक पानी-पानी, जलभराव से लोग परेशान
Badaun News - बदायूं में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलभराव के कारण मुख्य मार्गों और मोहल्लों में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, किसानों के लिए यह...
बदायूं, संवाददाता। जिले में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश ने एक तरफ लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है,वहीं अब यह बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी है। शहर की सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों का यहां से निकलना दुश्वार हो गया है। मूसलाधार बारिश ने पिछले दिनों का रिकार्ड तोड़ते हुए शहर से देहात तक लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण शहर पानी-पानी हो गया है। शहर के मुख्य मार्गों,गली-मोहल्लों,बाजार व कॉलोनियों आदि स्थानों पर पानी भर गया है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के चलते लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ रही है। बाजार व मोहल्लों में कई घरों में पानी भरने से लोग उसे बाहर निकालने में जुटे रहे। बुधवार सुबह निकली चिलचिलाती धूप में लोग गर्मी से बेहाल दिखे। लेकिन दोपहर को अचानक काले बादल आने के बाद शाम को बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। इस बीच कभी हल्की व कभी तेज बारिश होती रही। बारिश के चलते छह सड़का, गांधी ग्राउंड, लावेला चौक, पुराना बाजार आदि में जलभराव से लोग परेशान रहे। कमोवेश यही हाल ग्रामीण इलाकों का भी रहा। बारिश के चलते गांव की गलियों में कीचड़युक्त जलभराव हो गया। जिससे लोगों का आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसानों का कहना है कि इस बारिश से उन्हें धान, उड़द, गन्ना की फसलों की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




