
गरीबों के तन को सर्दी से बचाएंगे सरकारी कंबल
संक्षेप: Badaun News - बदायूं में सरकार गरीबों को सर्दी से बचाने के लिए कंबल वितरित करेगी। सरकारी बजट से 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रत्येक तहसील में कंबल खरीदे जाएंगे। करीब पांच हजार लोगों को सरकारी सहायता से कंबल मिलेंगे। खरीद प्रक्रिया इस महीने पूरी होने के बाद वितरण शुरू होगा।
बदायूं, संवाददाता। सर्दी गरीब और अमीर देखकर नहीं आती है लेकिन गरीबों का तन सर्दी में खुला न रहे और ठिठुरने को मजबूर न हों। इसके लिए सरकार ने जिम्मा उठा लिया है। सरकार अपने सरकारी बजट से गरीबों तक कंबल पहुंचायेगी। सरकारी इमदाद से कंबल खरीदे जायेंगे और गरीबों में वितरण किये जायेंगे। इसके लिए शासन से गाइड लाइन जारी हो गई है और खरीद की कवायद भी शुरू कर दी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के बाद कंबल आयेंगे और फिर गरीबों के तन पर सरकारी कंबल दिखाई देंगे। शासन स्तर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कंबल व अलाव व्यवस्था का बजट तय कर दिया गया है।

शासन से जिला प्रशासन को गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। शासन ने जनपद को 25 लाख रुपये का बजट तय किया है। जिससे कंबल खरीदे जायेंगे। इसमें प्रत्येक तहसील में पांच-पांच लाख रुपये के कंबल खरीदकर दिये जायेंगे। कंबल फिर गरीबों तक वितरण किये जायेंगे। जिला प्रशासन के आपदा विभाग ने कंबल खरीद प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है। इसी महीने कंबलों को खरीदने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी और फिर कंबलों का वितरण शुरू कर दिया जायेगा। कंबलों का वितरण तहसील बार होगा। जिले में करीब पांच हजार से ज्यादा लोगों को कंबल सरकारी मदद से दिया जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




