बकरी पालन के नाम पर चार लाख की धोखाधड़ी, मुकदमा

Mar 14, 2026 01:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बदायूं
share

Badaun News - बदायूं में बकरी पालन के लिए 4 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने बैंक से ऋण लेकर बकरियां खरीदने के लिए फर्म से सौदा किया, लेकिन फर्म ने बकरियां उपलब्ध नहीं कराई। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बकरी पालन के नाम पर चार लाख की धोखाधड़ी, मुकदमा

बदायूं, संवाददाता। बकरी पालन के लिए पशु उपलब्ध कराने के नाम पर चार लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में न्यायालय के आदेश पर मुदकमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि बैंक से भुगतान होने के बाद भी बकरियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आमगांव के रहने वाले देवेंद्र सिंह पुत्र उग्रसेन सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले एनएलएम योजना के तहत बकरी पालन के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की इंद्राचौक शाखा से लगभग 20 लाख रुपये का ऋण लिया था।

योजना के नियमों के अनुसार बैंक नकद भुगतान नहीं करता था, इसलिए उन्होंने बकरियां खरीदने के लिए ई-मेल के माध्यम से राजस्थान के अजमेर जिले स्थित एक फर्म से संपर्क किया। 5 दिसंबर 2025 को फर्म के दो प्रतिनिधि हनुमान व गुरू बदायूं स्थित बैंक शाखा पहुंचे और एक बकरा व 34 बकरियों का सौदा तय किया गया। इसके बाद संबंधित लोगों ने बैंक में बिल जमा कराया और बिल पर देवेंद्र सिंह के हस्ताक्षर भी करा लिए।आरोप है कि उसी दिन बैंक ने बिल के आधार पर करीब 1.32 लाख रुपये और 2.91 लाख रुपये, कुल मिलाकर चार लाख रुपये से अधिक की धनराशि फर्म के खाते में स्थानांतरित कर दी। इसके बाद दोनों लोग देवेंद्र सिंह को अपने साथ किशनगढ़ (अजमेर) ले गए, जहां कुछ समय रुकने के बाद उन्होंने यह कहकर वापस भेज दिया कि योजना के तहत पहले पशुओं का बीमा कराया जाएगा, उसके बाद बकरियां भेज दी जाएंगी। देवेंद्र सिंह का कहना है कि इसके बाद संबंधित लोगों ने फोन उठाना बंद कर दिया और न ही बकरियां उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने पहले पुलिस और फिर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली में फर्म व हनुमान व गुरू के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।