कैनविज में निवेश के नाम पर 28 लाख ठगने में आठ पर मुकदमा

Newswrap हिन्दुस्तान, बदायूं
share

Badaun News - कैनविज कंपनी में निवेश के नाम पर 28 लाख रुपये हड़पने के आरोप में 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी ने हर माह 5 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया और जब निवेशक ने मुनाफा मांगा, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैनविज में निवेश के नाम पर 28 लाख ठगने में आठ पर मुकदमा

कैनविज कंपनी में निवेश पर हर माह पांच प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर 28 लाख रुपये हड़पने, फर्जी कंपनी चलाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि बैंक से लोन लेकर निवेश कराई गई रकम वापस नहीं की गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला थाना अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला का है। यहां के रहने वाले ध्रुव कुमार ने न्यायालय एसीजेएम द्वितीय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कैनविज कंपनी के सदस्य सुशील कुमार पुत्र कुंवरपाल और रवेंद्र कुमार निवासी एकतानगर कॉलोनी मदर एथीना स्कूल के पास नरऊ मोड़ बदायूं, कंपनी के एजेंट मो. वसीम और रिजवान निवासी मचलई व कंपनी के मालिक कन्हैया लाल गुलाटी, जगतपाल, हरेंद्र पटेल और राधिका गुलाटी निवासी शाहदरा कॉलोनी बरेली ने व्यापार में निवेश कराने के नाम पर अप्रैल 2025 में उससे 28 लाख रुपये ले लिए।

आरोप है कि सभी आरोपियों ने हर महीने पांच प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा दिया था। ध्रुव कुमार ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर यह रकम निवेश की थी ताकि मुनाफे से बैंक की किश्त जमा कर सके।उन्होंने यह भी बताया कि एक-दो माह तक इंतजार करने के बाद भी उसे कोई मुनाफा नहीं मिला। इस पर जब उसने कैनविज कंपनी के सदस्य सुशील कुमार, रवेंद्र कुमार, एजेंट मो. वसीम, रिजवान व कंपनी मालिक कन्हैया लाल गुलाटी, जगतपाल, हरेन्द्र पटेल और राधिका गुलाटी से फोन, मौखिक बातचीत और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया तो आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए रुपये भूल जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। ध्रुव कुमार का आरोप है कि कैनविज कंपनी फर्जी है और सभी आरोपी आपराधिक षड़यंत्र के तहत लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम फंसाने और ठगी करने का काम करते हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर उन्होंने एसीजेएम द्वितीय न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर थाना अलापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।