विधवा के घर संदिग्ध हालात में आग, घरेलू सामान जला
Badaun News - मोहल्ला मिर्धा टोला की विधवा कौसर बेगम के घर में आग लगने से सारा सामान जल गया। पीड़िता आर्थिक तंगी में है और अब उसके पास रहने के लिए जगह भी नहीं बची। उसने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सहसवान, संवाददाता। नगर के मोहल्ला मिर्धा टोला की रहने वाली विधवा कौसर बेगम के घर में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर का सारा घरेलू सामान जल गया। बताया जाता है कि जब तक आसपास के लोग एकत्र हुए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, तब तक लपटें तेज हो चुकी थीं। आग से घर में रखी चारपाई, तख्त, कपड़े, बिस्तर और अन्य सामान जल गया। पीड़िता ने बताया कि वह विधवा हैं और आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रही थीं। इस हादसे ने उनके सिर से छत और घर का सहारा भी छीन लिया है।
पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि अब उनके पास ओढ़ने-बिछाने के लिए कपड़े तक नहीं बचे और न ही सिर छिपाने की जगह है। उन्हें खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मोहल्ले में आग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पीड़िता ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



