बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत
Badaun News - उघैती थाना क्षेत्र में बिसौली-इस्लामनगर रोड पर तेज रफ्तार दो बाइकों की टक्कर में एक पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों होली पर रिश्तेदारी से लौट रहे थे। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार में मातम छा गया है।

उघैती, संवाददाता। जिले के उघैती थाना क्षेत्र में बिसौली-इस्लामनगर रोड पर गांव करनपुर के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। पिता-पुत्र होली के पर्व पर रिश्तेदारी में बतासे (मटुकिया) देकर लौट संभल के कुढ़ फतेहगढ़ लौट रहे थे। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। होली पर हुए हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
दरअसल संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले पिता-पुत्र गेंदन लाल के बेटे शेर सिंह की ससुराल करनपुर गांव में है। ससुराल में गमी की होली पर बतासे (मटुकिया) देकर बाइक से लौट रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर संभल के धनारी थाना क्षेत्र के गांव मुरैना निवासी जाबिर और उघैती थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी रफी मोहम्मद की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग छिटककर दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को सीएचसी में इलाज के लिए भेज दिया। सीएचसी पर डॉक्टर ने गेंदन लाल व उनके बेटे शेर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार जाबिर और रफी मोहम्मद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें मुरादाबाद ले गए, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। उधर, पुलिस ने गेंदन लाल एवं उनके बेटे शेर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र की मौत के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घायलों का मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



