भैंस के इलाज को बुलाया डाक्टर, दरवाजे पर पहुंची 112 पुलिस
Badaun News - फैजंगज बेहटा में, एक पशुपालक ने भैंस का इलाज कराने के लिए 1962 हेल्पलाइन पर कॉल किया, लेकिन पुलिस यूपी 112 के साथ उसके दरवाजे पर पहुंच गई। तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह घटना हुई। पुलिस ने स्थिति को समझा और पशुपालक को आश्वस्त किया, जबकि मोहल्ले के लोग इस अनोखी घटना पर चर्चा करते रहे।

फैजंगज बेहटा, संवाददाता। भैंस का इलाज कराने के लिए 1962 हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले पशुपालक के दरवाजे पर जब डॉक्टर की जगह यूपी 112 पुलिस पहुंची तो वह घबरा गया। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि उसने पशु चिकित्सीय नंबर 1962 डायल किया था, लेकिन कॉल पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट हो गई। मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत फैजगंज के वार्ड चार का है। यहां रहने वाले अजमेरी पुत्र गफ्फार की भैंस अचानक बीमार पड़ गई। घबराए अजमेरी ने पशु चिकित्सक बुलाने के लिए हेल्पलाइन 1962 डायल किया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद डॉक्टर की जगह यूपी 112 की पुलिस गाड़ी उनके दरवाजे पर आकर रुकी।
सुबह-सुबह पुलिस वाहन देखकर अजमेरी सन्न रह गए, वहीं मोहल्ले के लोग भी तरह-तरह के कयास लगाने लगे कि आखिर मामला क्या है। पुलिस ने कॉल की वजह पूछी तो अजमेरी ने साफ कहा कि उन्होंने भैंस के इलाज के लिए 1962 नंबर मिलाया था। पहले तो पुलिसकर्मी भी हैरान हुए, फिर मौके पर ही दोबारा उसी मोबाइल से 1962 डायल कराया गया, लेकिन कॉल फिर यूपी 112 कंट्रोल रूम से ही जुड़ गई। मुख्यालय स्तर पर इवेंट दर्ज होने के बाद संबंधित पीआरबी को जानकारी दी गई, तब जाकर स्पष्ट हुआ कि यह किसी शरारत या झूठी सूचना का मामला नहीं, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी है। पुलिस ने स्थिति समझाकर अजमेरी को आश्वस्त किया और लौट गई। उधर मोहल्ले में लोग बार-बार 1962 नंबर मिलाकर देखते रहे और हर बार कॉल यूपी 112 से जुड़ने पर यह अनोखा वाकया चर्चा का विषय बना रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



