Badaun News: कटान की रोकथाम के लिये तत्काल करायें सुरक्षात्मक कार्य: डीएम
Badaun News: डीएम अवनीश राय ने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कटान की समस्या देखी और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षात्मक कार्यों के लिए निर्देशित किया। पशु चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं को नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्र में उपलब्ध कराने की भी बात की।

Badaun News: डीएम अवनीश राय ने मंगलवार को तहसील दातागंज के बाढ़ प्रभावित गांव भुंडी, रैपुरा एवं कदम नगला का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में हुये कटान देखा एवं स्थानीय लोगों की समस्यायें सुनी। डीएम ने निरीक्षण के दौरान देखा कि क्षेत्र में 500 मीटर से अधिक कटान हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कटान की रोकथाम के लिये सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिये। कहा कि सुरक्षात्मक कार्य कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।
पशु चिकित्सा की व्यवस्था
डीएम ने पशु पालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पशु चिकित्सा की टीम सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित रूप से पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करें एवं दवायें दें। प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के अफसर कैंप लगाकर ग्रामीणों को दवायें उपलब्ध करायें। एसडीएम दातागंज विनोद कुमार सिंह मौजूद थे।
स्टीमर पर सवार हुये डीएम
डीएम भुंडी से स्टीमर के माध्यम से कदम नगला एवं रैपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिये पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
लापरवाही न बरतें
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिये। कहा कि क्षेत्र की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुये जरूरी व्यवस्थायें करायी जायें।


