Badaun News: न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद में दियोहरा-शेखपुर का दबदबा
Badaun News: न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद में दियोहरा-शेखपुर का दबदबा न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद में दियोहरा-शेखपुर का दबदबा

Badaun News: न्याय पंचायत कुंवरपुर चांदन के तहत मालपुर ततैरा स्थित खेल मैदान में बुधवार को एक दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ न्याय पंचायत प्रभारी सुशील कुमार अत्री एवं पीटीआई देवेंद्र सिंह ने किया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद और विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी के बालक एवं बालिका वर्ग में संविलियन विद्यालय दियोहरा-शेखपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मालपुर ततैरा की टीम दूसरे स्थान पर रही।
खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। दौड़ प्रतियोगिता में भी दियोहरा-शेखपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 200 मीटर दौड़ में संविलियन विद्यालय दियोहरा-शेखपुर की छात्रा वैशाली ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय मालपुर ततैरा के बंटी ने बाजी मारी। प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग की दौड़ में दियोहरा-शेखपुर की संजना प्रथम रहीं। इसके अलावा पूनम, दामिनी, शारदा, वरुण, कौशल, सुरभि, बिजेंद्र, अजीत, मुनाजिर, गुनगुन, लबली, लवकुश, सौरभ, ललतेश, साक्षी और शिवानी समेत अन्य खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत हासिल की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन ब्लॉक स्तर पर होने वाली खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया गया।


