
प्रभात फेरी के रूट को लेकर गांव में टकराव
Badaun News - इस्लामनगर के गांव ब्यौर कासिमाबाद में प्रभात फेरी के रूट को लेकर विवाद हुआ। ग्रामीणों और पुलिस के बीच हंगामा हुआ क्योंकि पुलिस ने नए रूट से फेरी निकालने की कोशिश को रोका। हिंदू संगठनों के समर्थन से स्थिति और बिगड़ी। अंततः प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फेरी पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाली जाएगी।
इस्लामनगर, संवाददाता। क्षेत्र के गांव ब्यौर कासिमाबाद में प्रभात फेरी के रूट को लेकर बुधवार और गुरुवार को विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर मतभेद सामने आया कि प्रभात फेरी पूर्व से तय रास्ते से निकाली जा रही है या किसी नए रूट से, जिसको लेकर हंगामा हुआ। फिलहाल मामले में समझौते पर सहमति बनी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रभात फेरी निकाल रहे लोग पूर्व निर्धारित रूट को छोड़कर दूसरे रास्ते से फेरी निकालने का प्रयास कर रहे थे, जबकि प्रभात फेरी में शामिल ग्रामीणों का दावा है कि वे पहले से ही उसी रूट से प्रभात फेरी निकालते आ रहे हैं।
बुधवार को पुलिस ने गांव पहुंचकर लोगों को तय रूट से प्रभात फेरी निकालने को लेकर समझाया था। इसके बावजूद गुरुवार सुबह प्रभात फेरी निकलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यह कहकर फेरी रोक दी कि रूट बदला गया है। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामले की जानकारी मिलते ही कुछ हिंदू संगठन भी प्रभात फेरी निकाल रहे लोगों के समर्थन में गांव पहुंच गए, जिससे स्थिति और गर्मा गई। इसके बाद प्रभात फेरी में शामिल लोग व पदाधिकारी इस्लामनगर थाने पहुंच गए। सूचना पर सीओ बिल्सी और बिसौली नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर यादव भी थाने पहुंचे और सभी पक्षों को समझाया और मामला शांत कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रभात फेरी पूर्व से निर्धारित रूट से ही निकाली जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




