Badaun News: अब मुजाहिदपुर गांव में निकला डेंगू पॉजिटिव, संख्या हुई 27
Badaun News: जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज का हालचाल लेते जिला मलेरिया अधिकारी अमित तिवारी।

Badaun News: जिले में मच्छरजनित बीमारियां फैलती जा रही हैं। मलेरिया के सैकड़ो मरीज सामने आ चुके हैं तो अब कुछ दिन की राहत के बाद एक और युवक डेंगू पॉजिटिव निकला है। इसके बाद डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 27 हो गई। अब उझानी ब्लॉक क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर में डेंगू का नया मरीज निकला है। उसको जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी अमित तिवारी ने डेंगू वार्ड में जाकर डेंगू पॉजिटिव का हालचाल जाना। इसके अलावा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग की। फिलहाल मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में कैंप कर रही हैं। उझानी ब्लॉक क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर का रहने वाला युवक नोएडा में काम करता है। रक्षाबंधन पर वह अपने घर आया था। घर आने के बाद उसको तेज बुखार आया तो परिजन उसको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि की गई। डेंगू की पुष्टि होने के बाद उसको जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया। डेंगू वार्ड में उसका इलाज चल रहा है。
डेंगू की स्थिति
अब तक जगत और दहगवां ब्लॉक ही डेंगू प्रभावित थीं, ऐसे में अब उझानी ब्लॉक में भी डेंगू पॉजिटिव मिलने के बाद उसको भी इसी श्रेणी में शामिल किया गया है। बुधवार को डेंगू का मरीज मिलने की सूचना के बाद मलेरिया विभाग की टीम मुजाहिदपुर पहुंची। इसके बाद गांव में स्क्रीनिंग शुरू कराई गई। स्क्रीनिंग के साथ ही घरों में लार्वा को खोजा गया। एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव किया गया तो शाम के समय फागिंग भी कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
जिला मलेरिया अधिकारी अमित तिवारी ने उझानी ब्लॉक के एडीजे पंचायत से संपर्क कर उनको भी गांव में गंदगी को साफ कराने की बात कही है। गांव में मच्छरजनित बीमारियों की लगातार स्क्रीनिंग के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जिला मलेरिया अधिकारी का कहना है कि युवक नोएडा में रहता है। वह अपने घर आया यहां बुखार के आने के बाद उसकी डेंगू की जांच कराई गई तो डेंगू पॉजिटिव निकला। फिलहाल उसका डेंगू वार्ड में इलाज चल रहा है और वह सही है।


