Badaun News: बदायूं में डेंगू संक्रमित महिला की मौत
Badaun News: बदायूं। जिले में एक और डेंगू संक्रमित महिला की मौत हो गई। महिला के तीन बदायूं में डेंगू संक्रमित महिला की मौत
Badaun News: बदायूं। जिले में एक और डेंगू संक्रमित महिला की मौत हो गई। महिला के तीन बच्चे भी डेंगू संक्रमित निकले हैं, उनका बिसौली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डेंगू से महिला की मौत के बाद आसपास के लोगों में बुखार को लेकर दहशत है। वजीरगंज के मोहल्ला होली चौक निवासी अशोक कुमार बैंक में कर्मंचारी हैं। उनकी 35 वर्षीय पत्नी प्रेमवती, 18 वर्षीय पुत्री पूजा, 16 वर्षीय बबली, 12 वर्षीय पुत्र अमित को तेज बुखार आया था। बुखार आने के बाद निजी चिकित्सक से उन्होंने दवाई ली। निजी चिकित्सक के यहां डेंगू के लक्षण बताए गए। इसके बाद वजीरगंज में ही आंवला रोड पर संचालित निजी पैथोलॉजी लैब पर जांच कराई, जहां चारों की रिपोर्ट डेंगू संक्रमित आई।
इसके बाद प्रेमवती की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उनको बदायूं के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। निजी अस्पताल में दोबारा से डेंगू की जांच की गई तो यहां भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इधर, तीनों बच्चों की हालत बिगड़ने पर उनको बिसौली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, प्रेमवती की हालत में सुधार नहीं हुआ तो उनको बरेली रेफर किया गया। बरेली के निजी अस्पताल में रविवार की देर शाम प्रेमवती की मौत हो गई।प्रेमवती की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका के परिजनों ने बताया कि डेंगू फैलने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। इसके बाद भी मोहल्ले में अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस संबंध में जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. तहसीन ने बताया कि डेंगू संक्रमित महिला की मौत की सूचना मिली है। टीम को भेजकर वहां स्क्रीनिंग कराई जाएगी।


