बदमाशों ने चलती बाइक से चाबी निकाल कर दंपति को लूटा
Badaun News - इस्लामनगर में एक दंपति, जो अपने बच्चों के साथ शादी में जा रहे थे, को बाइक सवार बदमाशों ने रोककर लूट लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दंपति से सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल, पायल और 15 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस्लामनगर। बच्चों के साथ शादी में शामिल होने जा रहे दंपति के साथ बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक की चाबी निकाल कर तमंचा दिखाकर डरा-धमकाकर एक सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल, पायल और 15 हजार रुपये लूट लिए और सहसवान की ओर फरार हो गए। लूट की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के कोहरा व मसानी गांव के बीच का है। थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव निवासी रवि कुमार पुत्र ओमकार सिंह पांच मई की रात अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सकतपुर गांव में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक कोहरा और मसानी गांव के बीच पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक की चाबी निकाल ली, जिससे बाइक बंद हो गई। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दंपति को डरा-धमकाया और उनकी पत्नी की सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल, पायल व 15 हजार रुपए की नगदी लूट ली, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सहसवान की ओर फरार हो गए। पीड़ित रवि कुमार ने लूट की शिकायत इस्लामनगर थाना पुलिस से की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि एक युवक ने लूट की शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


