
सर्द हवाओं ने बढाई ठिठुरन, ठंड से कांपे लोग
Badaun News - बदायूं में पछुआ हवा के कारण शनिवार को ठंड बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों ने ऊनी टोपी और जैकेट पहनी। सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडी हवाओं ने लोगों को प्रभावित किया, जिससे बाजारों में चाय-नाश्ते की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई।
बदायूं। पछुआ हवा के लगातार सक्रिय रहने से शनिवार को जिले में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है । सुबह तड़के से ही चली सर्द हवा ने शहरवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। रिकॉर्ड के मुताबिक गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। सुबह के समय हल्की धुंध के बीच लोग रोज़मर्रा की गतिविधियों के लिए घरों से निकले तो ठंडी हवाओं ने उनका स्वागत किया। स्कूली बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों पर इसका असर साफ झलका।

कई बच्चों ने ऊनी टोपी और जैकेट पहनकर स्कूल का रुख किया। सूरज निकला जरूर पर इसकी तपिश बदन में गर्माहट उतनी नहीं पहुंच पाई। बाजारों में चाय-नाश्ते की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ बढ़ी रही। कई जगहों पर ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते लोग नजर आए। जैसे ही सूरज ढलने लगा, ऊपरी आसमान पर बादलों की परत गहराने लगी। हवाओं की रफ्तार से तापमान और नीचे खिसका और शहर में शीतलहर जैसा अहसास होने लगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




