Badaun News: कटरी में फैले खसरा के बीच बुखार पीड़ित दो सगे भाइयों की मौत
Badaun News: कटरी में फैले खसरा के बीच बुखार पीड़ित दो सगे भाइयों की मौत कटरी में फैले खसरा के बीच बुखार पीड़ित दो सगे भाइयों की मौत

Badaun News:
जिले के बार्डर पार कटरी में फैले खसरे से बीते दिनों भाई-बहन की मौत के बाद अब कटरी के ही उस गांव से सटे दूसरे गांव नगला नियाजी में दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। दोनों को तेज बुखार आने पर परिजन उनको लेकर बदायूं के कादरचौक सीएचसी पर पहुंचे जहां दोनों में बुखार से हालत बिगड़ने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दोनों सगे भाइयों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मृतकों के परिजनों ने कादरचौक से आने वाली 108 एंबुलेंस के स्टाफ पर ऑक्सीजन न लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बच्चों के पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही, लेकिन मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। वह दोनों के शवों को अपने गांव ले गए।
नगला नियाजी में दो भाइयों की मौत
बीते दिनों जिले के बार्डर से सटे गांव दीनपुर में खसरा से सगे बहन-भाई की मौत हुई थी। दोनों की मौत के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तो पता चला कि वह गांव कासगंज जिले में है। इसके बाद भी बदायूं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांव के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई और उनको जागरूक किया। इसी गांव के बराबर में बसे गांव नगला नियाजी में गुरूवार को नाजिर हुसैन के बड़े पुत्र आठ वर्षीय हुसैन उर्फ सादाब और पांच वर्षीय अबू हुसैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
उनकी हालत खराब होने पर परिजन उनको लेकर कादरचौक सीएचसी पहुंचे, जहां से उनको तेज बुखार देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृत बच्चों के परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस स्टाफ पर ऑक्सीजन न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि अगर बच्चों को ऑक्सीजन दी गई होती तो शायद उनकी जान बच जाती। इस संबंध में एमओआइसी कादरचौक डॉ. रोहित ने बताया कि दोनों बच्चे यहां लाए गए थे। उनको तेज बुखार था। इसके बाद उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का बयान
कादरचौक सीएचसी से दो बच्चे रेफर किए गए थे। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में वह मृत अवस्था में आए थे। दोनों को तेज बुखार के चलते यहां भेजा गया था, इस तरह की बात सामने आई है। शवों के पोस्टमार्टम कराने से मृतकों के परिजनों ने इंकार कर दिया। इसके बाद वह शव अपने साथ ले गए।
डॉ. शिव कुमार, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं

