कमेटी के नाम 2.20 लाख हड़पे, जेवर लेकर धमकी दी, शिकायत
Badaun News - बदायूं के व्यापारी नन्हे लाल वर्मा ने 2.20 लाख रुपये और उनकी मां के 65 ग्राम सोने के जेवर ठगने के आरोप में एसएसपी से शिकायत की है। आरोप है कि कमेटी चलाने वाले व्यक्ति ने पैसे लौटाने का वादा किया, लेकिन भुगतान नहीं किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

बदायूं, संवाददाता। क्षेत्र में कमेटी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का के मामले में पीड़ित व्यापारी ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित व्यापारी नन्हे लाल वर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने 2.20 लाख रुपये जमा कराने के बाद उनकी बुजुर्ग मां के 65 ग्राम सोने के जेवर भी हड़प लिए और विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। उसावां क्षेत्र के वार्ड नौ के रहने वाले नन्हें लाल वर्मा कपड़ा और सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि कस्बे के ही एक व्यक्ति कमेटी (चिट फंड) चलाते थे।
इस कमेटी में उन्होंने हर महीने 20 हजार रुपये के हिसाब से लगातार 11 माह तक कुल दो लाख 20 हजार रुपये जमा किए। समय पूरा होने पर रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 23 जून 2023 को उक्त व्यक्ति की पत्नी उनके घर पहुंचीं। पीड़ित की वृद्ध माता को शादी में पहनने का हवाला देकर चार चूड़ी, एक चैन और दो अंगूठी समेत करीब 65 ग्राम सोने के जेवर ले लिए। भरोसा दिलाया गया कि जेवर लौटाते समय कमेटी की रकम भी अदा कर दी जाएगी। काफी समय तक टालमटोल के बाद पंचायत बैठी, जिसमें आरोपियों ने किश्तों में भुगतान का आश्वासन दिया। बावजूद इसके अब तक न तो रुपये लौटाए गए और न ही जेवर वापस किए गए। 27 फरवरी 2026 को दोबारा तगादा करने पर अभद्रता की। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई, धन और जेवर की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



