Badaun News: शहर से लेकर गांव तक फैल रहीं बीमारियां
Badaun News: जिला पुरुष अस्पताल में डाक्टर को दिखाने से पहले पर्चा बनवाने को काउंटर पर लाइन में लगे मरीज व तीमारदार।

Badaun News: बदायूं, संवाददाता। शहर से लेकर देहात तक अब बीमारियां फैलने लगी हैं। संक्रामक रोग लोगों को पहले ही अपनी चपेट में ले रहे थे अब लगातार उमस भरी गर्मी की वजह से त्वचा और डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। सीएचसी-पीएचसी पर मरीजों को समय से इलाज न मिलने की वजह से वह जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, जहां रोजाना ओपीडी फुल हो रही है। यहां तैनात चिकित्सक भी एक साथ बढ़ी संख्या में मरीज सामने आने के बाद चिंतित हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव के चलते संक्रामक रोग फैल रहे हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य महकमे की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
गांवों में चिकित्सा शिविर नहीं लगाए जा रहे हैं तो सीएचसी और पीएचसी पर भी मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। समय से ठोस कदम न उठाने की वजह से लोग सर्दी, जुकाम, बुखार की चपेट में आ रहे थे तो उमस भरी गर्मी बढ़ने से त्वचा रोगियों के साथ डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। डायरिया के मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं जिनके लिए यहां विशेष वार्ड बनाया गया है, हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल सामान्य दवाओं से ही डायरिया के मरीज सही हो रहे हैं, लेकिन त्वचा और संक्रामक रोगों की चपेट में आने वालों को लंबा इलाज लेना पड़ रहा है। सीएचसी-पीएचसी के अलावा जिला अस्पताल में रोजाना एक हजार से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं जिसमें संक्रामक रोगियों की संख्या काफी ज्यादा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से वहां अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


